रायपुर,शाश्वत्स्वर:दिल्ली विधानसभा चुनाव में शाम 4 बजे तक 42.7 फीसदी मतदान दर्ज हुआ है। सुबह हल्की ठंड होने के कारण मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की संख्या कम देखी गई थी लेकिन दोपहर होते-होते मतदान करने वाले लोगों की संख्या में बढ़ोतरी हो गई। शाहीन बाग में भी मतदान शांतिपूर्ण तरीके से हो रहा है। इस बीच राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, विदेश मंत्री एस जयशंकर, पूर्व राष्ट्रपति हामिद अंसारी, दिल्ली में मुख्यमंत्री अरिवंद केजरीवाल, सोनिया गांधी, राहुल गांधी के अलावा कई अन्य नेताओं ने भी मतदान किया।
लक्ष्मी नगर में एक दूल्हे ने विवाह समारोह में जाने से पहले मतदान किया और बूथ पर उसके परिजनों में जमकर डांस किया। राजधानी के यमुना विहार सहित अन्य कई इलाकों में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में तकनीकी खराबी आने के कारण मतदान देर से शुरू हुआ। दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों के लिए कड़े सुरक्षा बंदोबस्त के बीच आज सुबह आठ बजे मतदान शुरू हुआ जो शाम छह बजे तक चलेगा। दिल्ली में इस बार कुल एक करोड़ 47 लाख 86 हजार 382 मतदाता हैं। मतगणना 11 फरवरी को होगी।